


बाल भारती पोस्ट ऑफिस रोड में शिक्षक दिवस पर भव्य समारोह, शिक्षकों को अंगवस्त्र देकर किया सम्मानित
नवगछिया। बाल भारती पोस्ट ऑफिस रोड नवगछिया के विद्यालय परिसर में शिक्षक दिवस के अवसर पर भव्य, गरिमामय और प्रेरणादायी समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भारत के महान शिक्षाविद, दार्शनिक एवं पूर्व उपराष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। समारोह में विद्यालय प्रबंधन समिति के पदाधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं और विद्यार्थी मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के सचिव अभय प्रकाश मूनका ने कहा कि शिक्षक केवल किताबी ज्ञान देने वाला व्यक्ति नहीं, बल्कि विद्यार्थी के व्यक्तित्व, चरित्र और भविष्य का निर्माता होता है। शिक्षक की प्रेरणा विद्यार्थी के जीवन को नई दशा और दिशा देने में सक्षम होती है।

विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष सह ट्रस्टी पवन कुमार सर्राफ ने कहा कि बदलते तकनीकी युग में शिक्षकों की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो गई है। विद्यार्थियों में ज्ञान के साथ संस्कार, अनुशासन, संवेदनशीलता, रचनात्मकता, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना शिक्षक का महत्वपूर्ण दायित्व है। उन्होंने विद्यार्थियों को शुभकामना देते हुए कहा कि वे सितारों की तरह चमकें और चमन के फूलों की तरह महकें।
संयुक्त सचिव प्रवीण कुमार केजरीवाल ने कहा कि श्रेष्ठ शिक्षक विद्यार्थी को केवल सफल नहीं बनाता, बल्कि उसे अच्छा इंसान और जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा देता है। विद्यार्थियों को भी लक्ष्य के प्रति समर्पित होकर मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ना चाहिए।
विद्यार्थियों की ओर से कक्षा दशम के छात्र कुमार सत्यम ने शिक्षकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। कक्षा दस की छात्राओं नैना कुमारी और आरुषी कुमारी ने कविता के माध्यम से गुरुजनों के प्रति सम्मान और आभार व्यक्त किया।
समारोह के दौरान विद्यालय प्रबंधन समिति की ओर से शिक्षक-शिक्षिकाओं को चादर और अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में प्रबंधन समिति के अध्यक्ष सह ट्रस्टी पवन कुमार सर्राफ, उपाध्यक्ष सह ट्रस्टी अजय कुमार रुंगटा, सचिव अभय प्रकाश मूनका, संयुक्त सचिव प्रवीण केजरीवाल, सदस्य पंकज टिबड़ेवाल, प्राचार्य कौशल किशोर जायसवाल सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं और विद्यार्थी उपस्थित रहे।
अंत में प्राचार्य कौशल किशोर जायसवाल ने समारोह के समापन की घोषणा करते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन और सफलता के पीछे शिक्षकों का समर्पण भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
















