



गांव के बगीचे में मिला शव
पुलिस जांच में जुटी
नवगछिया । झंडापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मरवा ग्राम में शुक्रवार की सुबह करीब 10 बजे आम के पेड़ से रस्सी के सहारे एक युवक का शव ग्रामीणों ने देखा। शव मिलने की बात फैलते ही मड़वा गांव में सनसनी फैल गई। आसपास के ग्रामीण काफी संख्या में घटनास्थल पर शव देखने पहुंचे थे। मृतक मरवा वार्ड संख्या- 06 निवासी गोपाल कुमार चौधरी पिता कारे चौधरी उम्र 24 वर्ष बताया गया। सूचना मिलते ही झंडापुर पुलिस दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच की। साथ ही पेड़ से रस्सी खोलकर शव को नीचे उतारा व शव को कब्जे में लेकर आवश्यक प्रक्रिया के बाद पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल नवगछिया भेज दिया। इधर जानकारी मिलते ही मृतक के घर में कोहराम मच गया। घरवालों के बीच चीख पुकार मच गई। रोते-बिलखते परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। मृतक गोपाल चार भाइयों में दूसरा व तीन बहन है। एक बहन अविवाहित है। पिता कारे चौधरी मवेशी पालन एवं खेतीबारी कर परिवार चलाते हैं। मृतक का बड़ा भाई कन्हैया चौधरी परदेश में रहकर प्राइवेट नौकरी करता है। छोटा भाई अमन कुमार और गैनु कुमार गांव में रहकर पिता के कामों में सहयोग करता है। घटना के बाद मृतक की माता-पिता समेत भाई-बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना से कुछ देर पहले मृतक के पिता कारे चौधरी बाहर कमाने निकला था। जानकारी मिलते ही घर वापस लौट गए। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मृतक युवक कुछ माह से मानसिक रुप से बीमार रहता था।

वह नशे का आदि था। गांव में रहकर जहां-जहां नशापान करता था। बताया गया कि घटना के कुछ देर पहले उसने घर में विवाद व हो-हंगामा किया था। उस वक्त भी गोपाल आवेश में आकर कीटनाशक (जहर) ख़ाकर जान देने का प्रयास किया था, लेकिन घरवालों ने गोपाल से किसी तरह जहर छीन लिया था। जिसके बाद वह घर से बाहर निकल गया। वहीं कुछ देर बाद ही घर से कुछ ही दूरी पर अनिल चौधरी के बगीचे में उसका शव आम के पेड़ से नई प्लास्टिक रस्सी के सहारे लटका मिला। उसका चप्पल पेड़ के नीचे पड़ा था। समीप ही एक नई प्लास्टिक थैली (पन्नी) पुलिस ने घटनास्थल से बरामद किया। घटना के पूर्व मृतक ने कहीं से रस्सी खरीदकर लाया और फंदे से लटक गया। इस बारे में झंडापुर थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि एक युवक ने आत्महत्या कर लिया है। घटनास्थल पर जाकर जांच पड़ताल की गई है। वही पोस्टमार्टम के बाद शव परीजन को सौंप दिया गया। मृतक के पिता कारे चौधरी ने झंडापुर थाना में आवेदन दिया है। थानाध्यक्ष ने कहा, अभी थाना से बाहर हैं, आवेदन को पढ़े नही है। पुलिस दोनों बिंदुओं पर जांच कर रही है, जांचोपरांत अग्रतर कार्रवाई की जाएगी।














