


भागलपुर। जगदीशपुर थाना क्षेत्र के देशरी गांव में शुक्रवार देर रात गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। विसर्जन जुलूस में शामिल डीजे गाड़ी अचानक अनियंत्रित हो गई और भीड़ को ठोकर मारते हुए एक दर्जन से अधिक लोगों को घायल कर दिया। हादसे में बच्चों समेत कई लोग जख्मी हुए, जबकि 12 वर्षीय विशाल कुमार, पिता सुभाष यादव, गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे प्राथमिक उपचार के बाद मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घायलों में गोलू कुमार (10 वर्ष) और विक्रम कुमार (16 वर्ष), पिता आरुण कुमार, का इलाज सीएससी जगदीशपुर में चल रहा है। वहीं अन्य घायलों का इलाज निजी अस्पतालों और स्थानीय डॉक्टरों के यहां कराया जा रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार देशरी गांव में गणेश चतुर्थी के मौके पर प्रतिमा स्थापित की गई थी। शुक्रवार रात जब प्रतिमा विसर्जन के लिए तगेपुर पोखर ले जाई जा रही थी, तभी डीजे चालक ने अचानक तेज गति से गाड़ी चला दी। अनियंत्रित होकर गाड़ी आगे चल रहे लोगों को ठोकर मरते हुए एक दीवार से टकरा गई। इस दौरान एक बच्चा गाड़ी के नीचे फंस गया। ग्रामीणों ने बड़ी मुश्किल से बच्चे को बाहर निकाला और आनन-फानन में इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। लोग चीख-पुकार करने लगे और इधर-उधर भागने लगे। इसी दौरान डीजे चालक मौका पाकर गाड़ी लेकर भाग निकला। भागने के क्रम में उसने रास्ते में दो बिजली के पोल भी तोड़ दिए।
घटना की सूचना मिलने के बाद देर से पहुंची जगदीशपुर पुलिस ने मौके का मुआयना किया। प्रभारी थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि हादसे में एक बच्चा गंभीर रूप से घायल है जिसे मायागंज अस्पताल रेफर किया गया है, जबकि सात अन्य लोग घायल हैं। डीजे गाड़ी की पहचान कर चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।













