



नावगछिया : बिहपुर प्रखंड के हरियो पंचायत अंतर्गत कोसी की कोख में बसे आहुति गांव के समीप सपनी नदी पर लगभग 7 करोड़ 19 लाख रुपये की लागत से 225 फीट लंबा पक्का पुल बनाया जाएगा। पुल निर्माण की टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है।
यह पुल हरियो पंचायत के गोविंदपुर-मुसहरी, कहारपुर और आसपास के गांवों को भागलपुर जिला मुख्यालय, नवगछिया अनुमंडल और बिहपुर प्रखंड मुख्यालय से सीधे जोड़ने का कार्य करेगा। इस पुल के बनने से खासकर क्षेत्र के किसानों को लाभ मिलेगा, जिन्हें अब तक खेतों तक पहुंचने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था।

बिहपुर के भाजपा विधायक एवं सत्तारूढ़ दल के सचेतक इंजीनियर शैलेंद्र मंडल ने बताया कि यह पुल स्थानीय लोगों के लिए एक बड़ी सौगात साबित होगा। उन्होंने कहा कि पुल के निर्माण से न केवल ग्रामीणों को रोजमर्रा की आवाजाही में सुविधा होगी, बल्कि कोसी दियारा क्षेत्र के कृषि कार्य भी सुचारू रूप से संचालित हो सकेंगे।
आहुति गांव के ग्रामीणों सुभाष सिंह, वेदानंद सिंह, राजकुमार निषाद, राजीव मंडल, रेखा देवी, सीमा देवी और अर्चना देवी सहित कई स्थानीय लोगों ने विधायक शैलेंद्र मंडल का आभार व्यक्त किया।
उल्लेखनीय है कि इसके अतिरिक्त लगभग 21 करोड़ रुपये की लागत से पीपापुल निर्माण का शिलान्यास बीते सप्ताह राज्य के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया था।
इसी क्रम में पार्टी के निर्देश पर झारखंड प्रदेश भाजपा की पूर्व पदाधिकारी रत्ना सिन्हा बुधवार को बिहपुर पहुंच रही हैं। जिला उपाध्यक्ष प्रो. गौतम के अनुसार, एनडीए कार्यालय में विधायक के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं द्वारा उनका अभिनंदन किया जाएगा। रत्ना सिन्हा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में महिलाओं से मिलकर केंद्र और राज्य सरकार की महिला सशक्तिकरण संबंधी योजनाओं की जानकारी देंगी और उन्हें जागरूक करेंगी।
इस पुल निर्माण और आगामी गतिविधियों से न केवल हरियो पंचायत, बल्कि पूरे क्षेत्र के विकास की गति को बल मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।














