



नवगछिया : पुलिस जिला नवगछिया के रंगरा थाना क्षेत्र में गश्ती के दौरान पुलिसकर्मियों पर अवैध वसूली का गंभीर आरोप लगा है। स्थानीय लोग और वाहन चालक कहते हैं कि गश्ती में तैनात पुलिसकर्मी पिकअप गाड़ियों को रोककर उनसे जबरन नकद वसूल करते हैं। गुरुवार रात रंगरा थाना की गश्ती गाड़ी, जो लोगों की सुरक्षा के लिए सड़कों पर रहती है, पिकअप को रोककर उससे पैसा वसूल रही थी, जिसका एक वीडियो सामने आया है।

वीडियो में देखा जा सकता है कि पिकअप पर मछली लदी हुई थी। गश्ती गाड़ी थाना के सामने खड़ी थी। इस दौरान एक सिपाही ने हाथ से इशारा कर पिकअप को रोका और फिर पैसे की मांग की गई। पैसा मिलने के बाद सिपाही ने नोट गिनने के बाद अपनी जेब में रख लिया और पिकअप वाहन को जाने दिया।
वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों ने कहा है कि गश्ती में मौजूद पदाधिकारियों और सिपाहियों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई होनी चाहिए। यह पहला मामला नहीं है; पहले भी इसी तरह वसूली की शिकायतें आ चुकी हैं।












