



भागलपुर इंजीनियरिंग कॉलेज में मंगलवार को दो छात्र गुटों के बीच जमकर मारपीट हो गई। इस घटना में दो छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत मायागंज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने आयुष नामक छात्र की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए पटना एम्स रेफर कर दिया। फिलहाल आयुष की हालत चिंताजनक बनी हुई है।

घटना के बाद कॉलेज में तनाव का माहौल फैल गया। नाराज़ छात्र मंगलवार को वरीय पुलिस अधीक्षक हृदय कांत से मिलने पहुंचे। इस दौरान भाजपा नेत्री डॉ. प्रीति शेखर भी मौजूद थीं। छात्रों ने एसएसपी से शिकायत की कि आयुष पर हमला करने वाले आरोपी छात्र खुलेआम घूम रहे हैं और पुलिस कार्रवाई करने में ढिलाई बरत रही है।

इधर, वरीय पुलिस अधीक्षक हृदय कांत ने कहा कि औद्योगिक थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है। थाना अध्यक्ष को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए।
उधर, मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे न केवल कॉलेज बल्कि शहर में भी तनाव का माहौल बना हुआ है।













