



भागलपुर । भागलपुर परिवहन कार्यालय (डीटीओ कार्यालय) में दलालों की सक्रियता का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। मंगलवार को एक तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुई, जिसमें एक दलाल क्लर्क की कुर्सी पर बैठकर सरकारी काम निपटाते हुए नजर आ रहा है। बताया जा रहा है कि यह कार्य वाहनों के ट्रांसफर से संबंधित था। हालांकि इस फोटो की पुष्टि जीएस न्यूज़ नहीं करता है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, डीटीओ कार्यालय में अक्सर सरकारी कर्मियों से पहले दलाल पहुंच जाते हैं। आधा दर्जन से अधिक दलाल रोजाना सरकारी वेशभूषा में कार्यालय के अंदर-बाहर घूमते और कई बार क्लर्क की कुर्सी पर बैठकर कार्य निपटाते देखे जाते हैं। इस वजह से आम लोगों के बीच यह चर्चा का विषय बना हुआ है कि आखिरकार सरकारी कर्मचारी रहते हुए भी दलाल इस तरह कैसे सरकारी कार्यों में दखल दे पा रहे हैं।

फोटो वायरल होने के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि सरकारी दफ्तरों में इस तरह दलालों का हस्तक्षेप प्रशासनिक व्यवस्था और पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े करता है। यह स्थिति कहीं न कहीं भ्रष्टाचार को बढ़ावा देती हुई प्रतीत होती है।
इस मामले पर भागलपुर परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) जनार्दन कुमार ने कहा कि “काम कराने आए लोग कभी-कभी अंदर घुसकर बैठ जाते हैं। कई लोग कागजात और अन्य कार्य के लिए आते हैं। कम्प्यूटर सेक्शन और वेटिंग हॉल सामने ही होने के कारण लोग अंदर चले जाते हैं। फिर भी यदि कोई क्लर्क की कुर्सी पर बैठा है, तो उसकी पहचान कर जांच की जाएगी।”
इस घटना ने परिवहन कार्यालय की कार्यप्रणाली पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।














