



भागलपुर जिले के गोराडीह थाना क्षेत्र में बुधवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। नवीं कक्षा में पढ़ने वाली 13 वर्षीय छात्रा रितु कुमारी का शव उसके घर से कुछ दूरी पर स्थित एक कुएं से बरामद हुआ। इस घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई।

जानकारी के अनुसार, रितु कुमारी स्कूल से लौटने के बाद रोज की तरह पशुओं के लिए चारा लाने खेत की ओर गई थी, लेकिन इस बार वह वापस घर नहीं लौटी। देर रात तक जब उसका कोई पता नहीं चला तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की। करीब 12 घंटे बाद गांव के ही एक कुएं में उसका शव तैरता हुआ दिखाई दिया।

मृतका के दादा रामविलास दास ने बताया कि रितु रोज घास लाने जाती थी, लेकिन यह स्पष्ट नहीं है कि उसका पैर फिसलकर वह कुएं में गिरी या फिर किसी ने साजिश के तहत उसे धक्का दिया। परिजनों ने हत्या की आशंका भी जताई है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रितु अपने पिता पप्पू दास की इकलौती पुत्री थी। इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और घर में मातम का माहौल है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और हर पहलू से घटना की पड़ताल की जा रही है।















