



सेमीफाइनल में प्रवेश की चार टीमों का फैसला
नवगछिया : बनारसी लाल सर्राफ वाणिज्य महाविद्यालय, नवगछिया के तत्वावधान में दो दिवसीय इंटर स्तरीय विद्यालय कबड्डी प्रतियोगिता का शुभारंभ 25 सितंबर 2025 को उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। यह प्रतियोगिता 25 से 26 सितंबर तक आयोजित की जा रही है, जिसमें कुल आठ टीमों ने भाग लेने के लिए पंजीकरण कराया है।

उद्घाटन समारोह का शुभारंभ तिलकामांझी विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद के सचिव डॉ. संजय जयसवाल ने मुख्य अतिथि के रूप में किया, जबकि महाविद्यालय के सचिव डॉ. मृत्युंजय सिंह गंगा ने नारियल फोड़कर कार्यक्रम का प्रारंभ किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य एवं आयोजन सचिव प्रो. दिनकर आचार्य, पूर्व क्रीड़ा परिषद सचिव डॉ. रविंद्र पाल सिंह (मारवाड़ी महाविद्यालय), डॉ. आशुतोष कुमार (बी.एन. महाविद्यालय), डॉ. दिव्य प्रियदर्शी (जी.बी. कॉलेज, नवगछिया) और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी जेम्स फाइटर भी उपस्थित रहे।
पहले दिन के कार्यक्रम में कुछ टीमें समय पर नहीं पहुंच सकीं, जिसके कारण कुछ मुकाबले वॉकओवर से तय किए गए। निर्धारित मैचों में बी.एन. कॉलेज, भागलपुर ने जेपी कॉलेज, नारायणपुर को 46–21 से पराजित किया। एस.एस.भी कॉलेज, कहलगांव ने जी.बी. कॉलेज, नवगछिया को 41–27 से हराया। वहीं, मारवाड़ी कॉलेज, भागलपुर ने टी.एन.बी. कॉलेज को 56–41 से मात दी।
इन परिणामों के आधार पर चार टीमें सेमीफाइनल में प्रवेश कर चुकी हैं—

- बनारसी लाल सर्राफ वाणिज्य महाविद्यालय, नवगछिया (बाई द्वारा)
- बी.एन. कॉलेज, भागलपुर
- एस.एस.भी कॉलेज, कहलगांव
- मारवाड़ी कॉलेज, भागलपुर
चारों टीमों के बीच सेमीफाइनल एवं फाइनल मुकाबले 26 सितंबर को खेले जाएंगे।
प्रतियोगिता के सफल संचालन में मो. सद्दाम, राजेश, सिकंदर, प्रशांत, रमन, ऋतिक, दिलीप शर्मा सहित महाविद्यालय के कार्यालय लिपिक गौतम यादव ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। भागलपुर जिला कबड्डी संघ के सचिव प्रशांत राज और संघ के संरक्षण में गौतम कुमार प्रीतम तथा महाविद्यालय के खेल शिक्षक सुमन कुमार सिंह ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।















