5
(1)

भागलपुर । बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से भागलपुर प्रशासन द्वारा तैयारियों को लगातार परखा जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को सदर अनुमंडल दंडाधिकारी (एसडीएम) विकास कुमार तथा नगर पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) अजय कुमार चौधरी ने भागलपुर सदर अनुमंडल के विभिन्न थाना क्षेत्रों में स्थापित एसएसटी (स्पेशल सर्विलांस टीम) चेक पोस्ट का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने मौके पर तैनात कर्मियों से चेकिंग की प्रक्रिया, दस्तावेजों की जांच व्यवस्था, सुरक्षा उपायों और लॉगबुक आदि की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि चेक पोस्ट पर प्रत्येक वाहन की सघन जांच की जाए और किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई हो।

एसडीएम और डीएसपी ने संबंधित पदाधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि निर्वाचन की अवधि के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी चेक पोस्टों पर चौकसी बढ़ाई जाए और गश्ती दल सतर्कता बरतते हुए नियमित रूप से रिपोर्ट दें।

उन्होंने यह भी कहा कि आदर्श आचार संहिता का सख्ती से पालन कराया जाए और प्रत्येक वाहन की जांच के दौरान राजनीतिक दलों या प्रत्याशियों से जुड़ी सामग्री, नकदी, शराब अथवा कोई भी संदिग्ध वस्तु मिलने पर तत्क्षण कानूनी कार्रवाई की जाए।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्थानीय पुलिस बल और तैनात एसएसटी कर्मियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें निर्वाचन कार्य को जिम्मेदारी और निष्पक्षता के साथ पूरा करने का संदेश दिया।

प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि विधानसभा चुनाव के दौरान भागलपुर में कानून व्यवस्था पूर्णतः नियंत्रित रहे और मतदाता बिना किसी भय और दबाव के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: