



भागलपुर। शहर के ऐतिहासिक जिला स्कूल में गुरुवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बंद पड़ी लाइब्रेरी से अचानक धुआं निकलने लगा। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। हालांकि, आग लगने का कारण अब तक स्पष्ट नहीं हो सका है।
घटना की जानकारी मिलते ही स्कूल में तैनात रात्रि प्रहरी मानिकचंद ने तुरंत डायल 112 पर संपर्क कर आग की सूचना दी। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। काफी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाने की कोशिश जारी है।

आग की वजह से लाइब्रेरी में रखे कई पुराने रिकॉर्ड, कागजात और दस्तावेज जलकर नष्ट हो गए। बताया जा रहा है कि लाइब्रेरी लंबे समय से बंद पड़ी थी, ऐसे में अंदर मौजूद सामग्री अत्यंत ज्वलनशील अवस्था में थी, जिससे आग तेजी से फैल गई।
अग्निशमन पदाधिकारी बासूकी राय ने बताया कि आग को पूरी तरह नियंत्रित करने के बाद ही क्षति का सही आकलन किया जा सकेगा। वहीं, पुलिस मामले की जांच में जुट गई है कि आग हादसा था या इसके पीछे कोई अन्य कारण।

रात्रि प्रहरी मानिकचंद का कहना है कि अगर समय रहते धुआं न दिखता तो स्थिति और भयावह हो सकती थी। जिला प्रशासन ने स्कूल प्रबंधन को सुरक्षा उपायों की समीक्षा करने और आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया है।
















