5
(1)

नवगछिया। रंगदारी की रकम नहीं देने पर एक महादलित युवक और उसके परिवार के साथ दबंगों द्वारा की गई बर्बर मारपीट का मामला सामने आया है। गंभीर रूप से घायल युवक का इलाज नवगछिया के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। पीड़ित ने एससी-एसटी थाना एवं पुलिस अधीक्षक, नवगछिया को आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।

घटना 27 अक्टूबर की रात करीब 8:30 बजे की बताई जा रही है। घायल युवक सुशील कुमार, मूल रूप से मुजफ्फरपुर जिला के बोचहा थाना क्षेत्र के चम्मुख गाँव निवासी हैं। वे पिछले तीन वर्षों से नवगछिया थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर रोड स्थित किराए के मकान में अपने परिवार के साथ रहते हुए व्यवसाय कर रहे हैं।

आवेदन में सुशील ने उल्लेख किया है कि छठ पर्व के दिन वह अपने बच्चों के साथ घर के बाहर पटाखा जला रहे थे। तभी पड़ोसी रितेश यादव शराब के नशे में आया और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए धमकी दी कि हर महीने दस हजार रुपये रंगदारी देनी होगी, नहीं तो घर खाली करने के साथ गोली मार देने की भी बात कही। विरोध करने पर रितेश ने अपने पिता मनोहर यादव, ट्रैक्टर चालक और आधा दर्जन अन्य साथियों को बुलाकर लाठी-डंडे से सुशील पर हमला कर दिया।

हमले में सुशील गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके बाएँ हाथ की उंगलियाँ टूट गईं, बाएँ आँख में गंभीर चोटें आईं तथा चेहरे और मुँह के अंदर भी घाव हो गए। बचाने पहुँची उनकी पत्नी के साथ भी दबंगों ने मारपीट और छेड़खानी की। आरोप है कि हमलावरों ने ग्रिल तोड़कर घर में घुसकर भी परिवार पर हमला जारी रखा। यह पूरी घटना घर पर लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है, जो पुलिस जांच में महत्वपूर्ण सबूत साबित हो सकती है।

पीड़ित परिवार के अनुसार, आरोपी पूर्व में भी रंगदारी मांगकर रुपये और घरेलू सामान हड़प चुके हैं। अब धमकी देकर उन्हें नवगछिया छोड़ने का दबाव बना रहे हैं। घटना के बाद से परिवार दहशत में है और घर से बाहर निकलने में भी डर रहा है।

पीड़ित सुशील कुमार ने पुलिस में केस दर्ज कराते हुए उपरोक्त सभी आरोपियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की है। मामले पर नवगछिया एससी-एसटी थानाध्यक्ष महेश लाल राम ने कहा कि आवेदन प्राप्त हो गया है और जांच की जा रही है। वहीं, एसपी प्रेरणा कुमार ने भी आश्वासन दिया है कि जांचोपरांत कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पीड़ित परिवार न्याय की प्रतीक्षा कर रहा है और इलाके में इस घटना को लेकर भय व आक्रोश का माहौल है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: