



नवगछिया । सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हुई पांच वर्षीय मासूम बच्ची की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतका की पहचान मधेपुरा जिले निवासी रघुवीर यादव की पुत्री खुशी कुमारी के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार दिवाली के अवसर पर खुशी अपने माता-पिता के साथ नवगछिया पुलिस जिला के रंगरा थाना क्षेत्र के भवानीपुर इलाके में स्थित मौसी के घर घूमने आई थी। घर के आंगन में बच्चों के साथ खेल रही थी, तभी एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में खुशी गंभीर रूप से घायल हो गई।
परिजनों ने आनन-फानन में उसे नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज हेतु मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि, बुधवार सुबह इलाज के दौरान खुशी ने दम तोड़ दिया।

बच्ची की मौत से परिवार में मातम का माहौल है। परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतका के पिता रघुवीर यादव ने बताया कि दिवाली की खुशियां मनाने आए थे, लेकिन एक पल में सबकुछ बदल गया।
इधर, दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक की तलाश शुरू कर दी है और मामले की जांच में जुटी हुई है।
मासूम की मौत ने दिवाली की खुशियों को गम में बदल दिया है और पूरे इलाके में शोक की लहर है।
















