



भागलपुर : पूर्व रेलवे के मालदा मंडल में आज भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर “राष्ट्रीय एकता दिवस” (Rashtriya Ekta Diwas) उत्साहपूर्वक मनाया गया। यह दिवस देश की एकता, अखंडता एवं समरसता के प्रतीक सरदार पटेल के अद्वितीय योगदान को स्मरण करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया।

मालदा टाउन रेलवे स्टेशन पर मालदा मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री मनीष कुमार गुप्ता ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को “राष्ट्रीय एकता की शपथ” दिलाई तथा सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस अवसर पर सभी रेलकर्मियों ने देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय एकीकरण को बनाए रखने का संकल्प दोहराया।
शपथ ग्रहण के उपरांत डीआरएम मनीष कुमार गुप्ता के नेतृत्व में “रन फॉर यूनिटी” का आयोजन मालदा टाउन स्टेशन से लेकर लक्ष्मण सेन आउटडोर स्टेडियम तक किया गया। इस कार्यक्रम में वरिष्ठ शाखा अधिकारी, रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के सदस्य, भारत स्काउट्स एंड गाइड्स (मालदा) तथा विभिन्न विभागों के रेलकर्मी उत्साहपूर्वक शामिल हुए। प्रतिभागियों ने “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” के नारे लगाते हुए एकता और सद्भावना का संदेश दिया।

इसी प्रकार डीजल शेड, जमालपुर में भी सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती श्रद्धा और देशभक्ति के साथ मनाई गई। वरिष्ठ डीएमई (डीजल) श्री कृष्ण कुमार दास ने अधिकारियों, पर्यवेक्षकों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई और सरदार पटेल के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की।
शपथ के पश्चात “रन फॉर यूनिटी” का आयोजन डीजल शेड परिसर में किया गया, जिसमें अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस अवसर पर सभी ने “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” का संदेश फैलाते हुए राष्ट्रीय एकता और अखंडता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

















