



भागलपुर । बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के अंतर्गत भागलपुर जिले में स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने की दिशा में आज जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने राजकीय पॉलिटेक्निक, बरारी स्थित डिस्पैच सेंटर पर भागलपुर एवं नाथनगर विधानसभा क्षेत्रों के लिए चल रही ईवीएम की कमीशनिंग प्रक्रिया का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान बताया गया कि आज नाथनगर विधानसभा क्षेत्र में सात राउंड तथा भागलपुर विधानसभा क्षेत्र में लगभग पाँच राउंड की कमीशनिंग की गई है। प्रत्येक राउंड में 20 टेबल स्थापित किए गए हैं। जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि ईवीएम की कमीशनिंग का तात्पर्य यह सुनिश्चित करना है कि बैलेट यूनिट के सभी 15 बटनों के सामने संबंधित प्रत्याशी का क्रमांक, पार्टी का नाम एवं चुनाव चिह्न सही रूप से अंकित हों, जबकि 16वां बटन “नोटा” (None of the Above) के लिए निर्धारित रहता है।

इस अवसर पर सहायक समाहर्ता जतिन कुमार तथा ईवीएम कमीशनिंग के नोडल पदाधिकारी सह जिला बंदोबस्त पदाधिकारी अजय कुमार उपस्थित थे। नोडल पदाधिकारी ने बताया कि भागलपुर एवं नाथनगर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के प्रेक्षकगण ने भी ईवीएम कमीशनिंग की प्रक्रिया का निरीक्षण किया और कार्य की पारदर्शिता पर संतोष व्यक्त किया।
















