



भागलपुर जिले के रजौन थाना क्षेत्र के कटियाम के पास शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार, एक टोटो (ऑटो) पर सवार आठ से नौ लोग जगदीशपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कटियाम के पास अचानक एक बच्ची सड़क पार करने लगी। बच्ची को बचाने के प्रयास में चालक ने ऑटो से नियंत्रण खो दिया, जिससे टोटो अनियंत्रित होकर पलट गया।

इस हादसे में राजू ठाकुर के पुत्र संतोष कुमार ठाकुर गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं उनके फुआ का बेटा, जो उसी ऑटो में सवार था, को हल्की चोटें आईं। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल संतोष कुमार ठाकुर को भागलपुर मायागंज अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है।

घायल संतोष कुमार ठाकुर गोराडीह थाना क्षेत्र के कोतवाली रामचंद्रपुर गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
















