



जिलाधिकारी बोले — इस बार बढ़ा मतदान प्रतिशत, मतगणना दो केंद्रों पर होगी
भागलपुर जिले में बिहार विधानसभा चुनाव-2025 के द्वितीय चरण का मतदान शांतिपूर्ण और निष्पक्ष वातावरण में सम्पन्न हुआ। मतदान समाप्ति के बाद भागलपुर के जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने प्रेस वार्ता कर पूरे जिले की मतदान स्थिति की जानकारी दी।

जिलाधिकारी ने बताया कि इस बार जिले में कुल 67.17 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है, जो पिछली बार की तुलना में अधिक है। उन्होंने कहा कि मतदाताओं में उत्साह देखने को मिला और लोगों ने लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
डॉ. चौधरी ने विधानसभा-वार मतदान प्रतिशत की जानकारी साझा करते हुए बताया कि बिहपुर में 64.65 प्रतिशत, गोपालपुर में 68 प्रतिशत, पीरपैंती में 70 प्रतिशत, कहलगांव में 71.2 प्रतिशत, भागलपुर में 55.2 प्रतिशत, सुल्तानगंज में 64.7 प्रतिशत तथा नाथनगर में 68.5 प्रतिशत मतदान हुआ है। उन्होंने कहा कि यह आंकड़ा अभी प्रारंभिक है और अंतिम प्रतिशत थोड़ी देर में निर्वाचन आयोग से प्राप्त आंकड़ों के बाद स्पष्ट हो जाएगा।
जिलाधिकारी ने बताया कि पूरे जिले में मतदान प्रक्रिया बिना किसी बड़ी घटना के शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुई। प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की टीम लगातार निगरानी में रही। संवेदनशील और अति संवेदनशील बूथों पर केंद्रीय अर्द्धसैनिक बल तथा बिहार पुलिस की संयुक्त गश्ती टीमों ने निरंतर निगरानी रखी। मतदान केन्द्रों पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम किए गए थे, जिसके परिणामस्वरूप मतदान के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी नहीं हुई।

डॉ. चौधरी ने यह भी बताया कि मतगणना की तैयारी पूरी कर ली गई है। इस बार मतगणना के लिए दो केंद्र निर्धारित किए गए हैं — पॉलिटेक्निक कॉलेज, बरारी और महिला आईटीआई। दोनों केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है। मतगणना के दौरान प्रवेश केवल अधिकृत कर्मियों को ही दिया जाएगा, साथ ही सीसीटीवी कैमरों से पूरे परिसर की निगरानी की जाएगी।
उन्होंने सभी मतदाताओं, मतदानकर्मियों, पुलिस बलों एवं चुनाव में संलग्न सभी विभागीय कर्मियों को धन्यवाद देते हुए कहा कि भागलपुर ने एक बार फिर लोकतंत्र के इस उत्सव को सफलतापूर्वक मनाया है। उन्होंने कहा कि मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी से यह साबित होता है कि जिले के लोग लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति सजग और जिम्मेदार हैं।

















