5
(1)

मतगणना 14 नवम्बर को, निषेधाज्ञा एवं सुरक्षा निर्देश जारी

भागलपुर । बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे चरण की मतगणना शुक्रवार, 14 नवम्बर को होने जा रही है। मतगणना के दौरान शांति और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से भागलपुर जिला प्रशासन ने कड़े एहतियाती कदम उठाए हैं।

जिला दंडाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू करते हुए कई प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किए हैं। मतगणना के लिए जिले में दो केंद्र निर्धारित किए गए हैं — महिला आईटीआई, बरारी, भागलपुर और राजकीय पॉलिटेकनिक कॉलेज, बरारी, भागलपुर। इन दोनों केंद्रों पर जिले के सभी सात विधानसभा क्षेत्रों — बिहपुर (152), गोपालपुर (153), पीरपैंती (अ.जा.) (154), कहलगांव (155), भागलपुर (156), सुलतानगंज (157) और नाथनगर (158) की मतगणना की जाएगी।

जिला दंडाधिकारी द्वारा जारी आदेश की मुख्य बातें निम्नलिखित हैं:

सुरक्षा प्राप्त व्यक्तियों को अपने अंगरक्षकों के साथ मतगणना केंद्र के 100 मीटर के भीतर प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।

मतगणना के दिन किसी प्रकार का जुलूस या विजय जुलूस पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।

निजी वाहन (मतगणना ड्यूटी में लगे वाहनों को छोड़कर) 200 मीटर की परिधि के अंदर प्रवेश नहीं कर सकेंगे।

अधिकृत व्यक्तियों को छोड़कर कोई भी व्यक्ति सेलफोन, कोडलेस फोन आदि लेकर मतगणना केंद्र के 100 मीटर के दायरे में प्रवेश नहीं कर सकेगा।

केवल वैध पहचान पत्रधारी व्यक्ति ही मतगणना केंद्र के अंदर प्रवेश कर पाएंगे।

मीडियाकर्मी केवल प्राधिकृत पत्र के साथ अपने निर्धारित स्थल पर रहेंगे।

मतगणना केंद्र के 100 मीटर की परिधि में पांच या उससे अधिक व्यक्तियों का एकत्र होना निषिद्ध रहेगा।

जिला दंडाधिकारी ने स्पष्ट किया कि यह आदेश 13 नवम्बर से प्रभावी होकर मतगणना कार्य समाप्त होने तक लागू रहेगा। इस दौरान किसी भी प्रकार की भीड़, जुलूस या अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी और उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: