



भागलपुर के पीरपैंती रेलवे स्टेशन से मात्र 50 मीटर की दूरी पर एक बड़ा हादसा होने से टल गया, जब प्लेटफॉर्म संख्या 2 से मालगोदाम की ओर जा रही गिट्टी लदी मालगाड़ी की एक बोगी के दो पहिए अचानक पटरी से उतर गए। घटना होते ही स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। यात्रियों और स्थानीय लोगों ने इसकी जानकारी रेलवे को दी, जिसके बाद तकनीकी टीम तुरंत मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, मालगाड़ी मिर्जा चौकी से निकलकर कहलगांव की ओर जा रही थी। जैसे ही ट्रेन ओवरब्रिज के समीप पहुंची, एक बोगी का पहिया ट्रैक से नीचे उतर गया। घटना के बाद कुछ समय के लिए रेल संचालन बाधित रहा और कई ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हुई।
मौके पर पहुंची रेलवे की तकनीकी टीम ने ट्रैक की जांच की और करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बोगी को फिर से पटरी पर चढ़ाया गया। इसके बाद ट्रैक को सुरक्षित घोषित किया गया और रेल संचालन बहाल कर दिया गया।

हादसे के कारणों को लेकर रेलवे अधिकारी कोई स्पष्ट बयान देने से बचते नजर आए। मालदा डिवीजन मुख्यालय को घटना की जानकारी भेज दी गई है और मामले की प्रारंभिक जांच शुरू कर दी गई है। वहीं, स्टेशन प्रबंधक अजय कुमार से संपर्क करने की कई कोशिशें की गईं, लेकिन न उन्होंने फोन रिसीव किया और न ही किसी प्रकार की प्रतिक्रिया दी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ट्रैक की नियमित जांच और रखरखाव में लापरवाही के कारण ऐसी घटनाएं सामने आती हैं। हालांकि रेलवे का कहना है कि हादसे के तकनीकी कारणों की जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

















