



भागलपुर स्थित यूको बैंक जोनल कार्यालय में ट्रांसफर–पोस्टिंग प्रक्रिया में अनियमितताओं और महिला कर्मचारियों के साथ मानसिक प्रताड़ना के आरोपों ने विवाद को गंभीर रूप दे दिया है। इन आरोपों के विरोध में बैंक कर्मचारी लगातार दूसरे दिन भी सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करते रहे। कर्मचारियों ने जोनल कार्यालय के मुख्य द्वार पर धरना दिया और जोरदार नारेबाजी करते हुए कार्रवाई की मांग की।

यह विरोध प्रदर्शन बिहार स्टेट यूको बैंक ऑफिसर एसोसिएशन और भारतीय मजदूर संघ के संयुक्त नेतृत्व में आयोजित किया गया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जोनल शाखा में मनमानी अपने चरम पर है। आरोप है कि पसंद–नापसंद के आधार पर ट्रांसफर किए जा रहे हैं और आवाज उठाने वाले कर्मचारियों पर मानसिक दबाव बनाया जाता है।
भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश मंत्री संजय सिन्हा ने कहा कि जोनल कार्यालय में भ्रष्टाचार और मनमानी इस कदर बढ़ गई है कि कर्मचारी अपनी बात भी खुलकर नहीं रख पा रहे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि स्थिति में तत्काल सुधार नहीं किया गया, तो राज्यभर के कर्मचारी उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

वहीं बिहार स्टेट यूको बैंक ऑफिसर एसोसिएशन के महासचिव चंद्र मोहन सिंह ने बताया कि कर्मचारियों की शिकायतें लंबे समय से लंबित हैं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि यदि ट्रांसफर–पोस्टिंग में पारदर्शिता नहीं लाई गई और उत्पीड़न बंद नहीं हुआ, तो पूरे बिहार में आंदोलन को व्यापक रूप दिया जाएगा।
















