



315 बोर की पांच देसी रायफल, दो देसी मास्केट और 35 जिंदा कारतूस बरामद
गिरफ्तार अपराधकर्मी एक दर्जन से अधिक गंभीर मामलों में रहा है शामिल
नवगछिया पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए कुख्यात अपराधकर्मी सकलाff यादव को अवैध हथियार और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार ने सोमवार को अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि रविवार को गुप्त सूचना मिली थी कि परबत्ता थाना क्षेत्र के राघोपुर शंकरपुर दियारा में हथियारबंद अपराधी किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी में जुटे हुए हैं।

सूचना की गंभीरता को देखते हुए एसपी द्वारा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ओमप्रकाश के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई, जिसमें परबत्ता थानाध्यक्ष पु. नि. अश्विनी कुमार, डीआईयू टीम तथा एसटीएफ को शामिल किया गया। संयुक्त टीम द्वारा दियारा क्षेत्र में सर्च अभियान चलाया गया। इसी दौरान पुलिस को 5-6 संदिग्ध व्यक्ति भागते हुए दिखाई दिए। पीछा करने पर एक अपराधी, बिहपुर थाना क्षेत्र के लत्तीपुर निवासी कुख्यात सकला यादव उर्फ सकली (पिता स्व. रामोतार यादव) को गिरफ्तार किया गया। बाकी अपराधी गंगा दियारा का लाभ उठाकर फरार होने में सफल रहे।

गिरफ्तार अपराधकर्मी से पूछताछ और उसकी निशानदेही पर पुलिस ने राघोपुर दियारा क्षेत्र से 315 बोर की पांच देसी रायफल, दो देसी मास्केट, 35 जिंदा कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद किया। एसपी ने बताया कि सकला यादव दियारा क्षेत्र में अवैध हथियारों के बल पर जमीन कब्जाने की फिराक में था। उसके खिलाफ हत्या, रंगदारी, लूट, आर्म्स एक्ट सहित एक दर्जन से अधिक गंभीर मामले पहले से दर्ज हैं।
इस मामले में परबत्ता थाना कांड संख्या 175/25, धारा 25 (1-बी) ए/26/35 शस्त्र अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस अन्य फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।















