5
(1)

भागलपुर के पीरपैंती–बाराहाट एनएच पर मिर्जागांव के पास मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पीछे से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने एक चलती मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में कमलचक निवासी रंजीत कुमार यादव और उनकी दो वर्षीय नन्ही बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार रंजीत कुमार अपनी बेटी के साथ बाराहाट से सामान खरीदकर मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आई पिकअप ने अचानक जोरदार धक्का मार दिया, जिससे दोनों सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से जख्मी हो गए। दुर्घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घायलों को पीरपैंती रेफरल अस्पताल पहुँचाया।

अस्पताल में मौजूद चिकित्सक डॉ. नीरज कुमार और जीतू कुमार ने दोनों का प्राथमिक उपचार किया। चिकित्सकों के अनुसार रंजीत कुमार के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं, जबकि बच्ची को अंदरूनी चोट लगी है। स्थिति नाजुक देखते हुए दोनों को बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया गया।

इधर, घटना की खबर मिलते ही घायल रंजीत कुमार के परिजन अस्पताल पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। स्थानीय लोगों ने बताया कि एनएच पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं, लेकिन नियंत्रण के लिए कोई ठोस व्यवस्था नहीं की जा रही।

सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि इतने गंभीर हादसे की जानकारी कई घंटों तक इसीपुर थानाध्यक्ष मनीष कुमार तक नहीं पहुँच सकी। जब मीडिया द्वारा उनसे इस घटना के बारे में पूछा गया तो उन्होंने अनभिज्ञता जताई और कहा कि अभी उन्हें सूचना मिली है। मामले की जांच के लिए गश्ती दल भेजा जा रहा है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि एनएच पर तेज रफ्तार पिकअप और भारी वाहनों की निगरानी कड़ी की जाए, ताकि ऐसी दुर्घटनाओं पर प्रभावी रोक लग सके।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: