



नवगछिया प्रीमियर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट के चौथे दिन रोमांच अपने चरम पर रहा। दिन के पहले मुकाबले में नवगछिया पैंथर्स और नवगछिया थंडर के बीच बेहद कड़ा संघर्ष देखने को मिला, जो सुपर ओवर तक पहुंचा। वहीं दूसरे मुकाबले में नवगछिया टाइटंस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रॉयल्स को 9 विकेट से हराकर उनका विजय रथ रोक दिया।

पहला मुकाबला: सुपर ओवर में पैंथर्स की धमाकेदार जीत
चौथे दिन के पहले मैच में नवगछिया थंडर के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग का निर्णय लिया। नवगछिया पैंथर्स ने बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 191 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से गौतम ने सबसे अधिक 37 रन तथा पीयूष यादव ने 33 रन का योगदान दिया। गेंदबाजी में थंडर की ओर से संजय, प्रसून, आदित्य और विशाल ने दो-दो विकेट चटकाए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी नवगछिया थंडर की टीम भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 191 रन बना सकी, जिससे मैच रोमांचक रूप से सुपर ओवर में पहुंच गया। थंडर की ओर से सचिन भारद्वाज ने 78 रन और स्वप्निल ने 56 रन की बेहतरीन पारी खेली, हालांकि उनकी कोशिश टीम को जीत नहीं दिला सकी।

पैंथर्स की ओर से गेंदबाजी में गोलू मिश्रा ने 2 विकेट, जबकि सचिन और दिव्यांशु को एक-एक विकेट मिला। सुपर ओवर में पैंथर्स ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए यह रोमांचक मुकाबला जीत लिया।
पहले मैच के प्लेयर ऑफ द मैच सचिन राय रहे।
मुख्य अतिथि के रूप में बिहार रणजी ट्रॉफी खिलाड़ी एमडी रहमतुल्लाह शाहरुख और एनपीए के सचिव राजेश झा मौजूद रहे।
दूसरा मुकाबला: टाइटंस ने 9 विकेट से दर्ज की एकतरफा जीत
चौथे दिन के दूसरे मैच में नवगछिया रॉयल्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की और निर्धारित 16 ओवर में 117 रन बनाए। रॉयल्स की ओर से राहुल भौमिक ने सर्वाधिक 48 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। टाइटंस की ओर से गेंदबाजी में आशीष राय ने 3 विकेट और शिवम ने 2 विकेट हासिल किए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी टाइटंस की टीम शुरू से ही आक्रामक अंदाज में दिखी। टीम ने सिर्फ 10 ओवर में 118 रन बनाकर मुकाबला 9 विकेट से अपने नाम कर लिया। टाइटंस की ओर से शिवम ने 62 रन की विस्फोटक पारी खेली, जबकि अमन सिंह राजपूत ने सिर्फ 18 गेंदों में 44 रन बनाकर जीत सुनिश्चित कर दी।

इस तरह चौथे दिन का दूसरा मुकाबला टाइटंस के नाम रहा और उन्होंने रॉयल्स के विजय रथ को थाम दिया।















