



भागलपुर। देर रात लोदीपुर थाना क्षेत्र के गंगटा पोखर के समीप एक किराये के मकान में एक महिला की संदेहास्पद मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही लोदीपुर थाना अध्यक्ष घनश्याम कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक हृदय कांत और फारेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।

मृतक महिला मनोज भगत के मकान में किराये पर रहती थी। घटना के बाद परिजनों को सूचना दी गई, जिसके बाद उन्होंने कुछ व्यक्तियों पर हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों द्वारा बताए गए संदेहास्पद व्यक्तियों की पहचान के आधार पर पुलिस ने छापेमारी शुरू कर दी है।

फारेंसिक टीम ने घटनास्थल से कई सैंपल एकत्र किए हैं ताकि मौत के कारणों का वैज्ञानिक विश्लेषण किया जा सके। मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने आसपास के लोगों से भी पूछताछ की, जिससे घटना से जुड़े संभावित सुराग जुटाए जा सकें।
वरीय पुलिस अधीक्षक हृदय कांत ने बताया कि मृतका के परिजनों से विस्तृत पूछताछ की जा रही है और प्रारंभिक जांच के आधार पर कई अहम बिंदुओं पर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बहुत जल्द मामले के कारणों और जिम्मेदार व्यक्तियों का खुलासा कर दिया जाएगा।
















