



भागलपुर के किशनगंज जिले में निगरानी विभाग ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्व कर्मचारी राजदीप पासवान को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपी ने जमीन म्यूटेशन के नाम पर 2 लाख 50 हजार रुपए की घूस मांग की थी।
मंगलवार को निगरानी विभाग की सात सदस्यीय टीम ने प्रखंड कार्यालय क्षेत्र में छापेमारी की। इसी दौरान अभिषेक होटल के पास राजस्व कर्मचारी राजदीप पासवान को घूस की रकम लेते हुए दबोच लिया गया। यह कार्रवाई खगड़ा निवासी ओवेस अंसारी की शिकायत के आधार पर की गई थी। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि जमीन म्यूटेशन के नाम पर राजस्व कर्मचारी द्वारा अवैध धन की मांग की गई थी।

शिकायत के बाद विभाग ने गुप्त जांच शुरू की और आरोप सही पाए जाने पर ट्रैप प्लान तैयार किया। निगरानी विभाग की टीम ने बताया कि घूस लेते ही आरोपी भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन अधिकारियों ने उसे मौके पर ही काबू कर लिया। मौके से नकद राशि भी बरामद की गई।

निगरानी विभाग के डीएसपी विनोद कुमार ने बताया कि शिकायतकर्ता की सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई। जांच में मामला सत्य पाया गया और योजनाबद्ध तरीके से आरोपी को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने कहा कि विभाग भ्रष्टाचार के मामलों में सख्त है और ऐसी कार्रवाई भविष्य में भी जारी रहेगी।
इस गिरफ्तारी की खबर फैलते ही प्रखंड कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई। आरोपी राजस्व कर्मचारी को आज भागलपुर जिला न्यायिक कोर्ट में पेश किया गया।














