


भागलपुर बाईपास थाना क्षेत्र के भागलपुर–दुमका मुख्य मार्ग स्थित बैजानी चौक के पास शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मनरेगा कार्यपालक मनोहर राम, निवासी खरवा गांव (जमनी पंचायत), गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार मनोहर राम प्रखंड कार्यालय से ड्यूटी समाप्त कर अपने घर लौट रहे थे, तभी बैजानी चौक के निकट एक तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वे सड़क पर गिर पड़े और बुरी तरह जख्मी हो गए।

घटना होते ही आसपास मौजूद स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तुरंत आगे बढ़कर उन्हें सड़क से हटाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। मानवीय पहल दिखाते हुए लोगों ने तुरंत टोटो की व्यवस्था कर उन्हें नजदीकी अस्पताल भेजा तथा उनके परिजनों और बाईपास थाना पुलिस को सूचना दी।
इसी दौरान भागलपुर की ओर से लौट रहे पूर्व सांसद जमुई एवं पूर्व विधायक धौरेया, भूदेव चौधरी भी घटनास्थल के पास पहुंचे। उन्होंने रुककर स्थिति का जायजा लिया और घायल को टोटो पर बैठाने में सहयोग किया। भूदेव चौधरी ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए सुबह 7 बजे से रात 10 बजे तक भारी वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए।

घटना की सूचना पाकर बाईपास थाना पुलिस भी सक्रिय हो गई। थाना अध्यक्ष प्रभात कुमार शर्मा ने बताया कि मामले की जांच जारी है और दुर्घटना में शामिल अज्ञात वाहन की तलाश के लिए टीम लगाई गई है।













