



भागलपुर रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को एक बड़ा हादसा होने से टल गया। आरपीएफ पोस्ट भागलपुर में तैनात सहायक उपनिरीक्षक संजीव कुमार झा मुख्य द्वार के पास पोस्ट ऑफिस संख्या 01 के समीप गश्त कर रहे थे। उसी दौरान उन्होंने देखा कि ट्रेन संख्या 13410 डाउन (किउल–मालदा इंटरसिटी एक्सप्रेस) धीमी गति से प्लेटफॉर्म से गुजर रही थी और एक महिला यात्री चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास कर रही थी।

चढ़ने के दौरान महिला अचानक फिसलकर नीचे गिरने लगी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सहायक उपनिरीक्षक संजीव कुमार झा तुरंत मौके की ओर दौड़े और उन्होंने महिला को पकड़कर पीछे की ओर खींच लिया। इससे महिला रेलवे ट्रैक पर गिरने से बच गई और एक बड़ा हादसा टल गया।
पूछताछ में महिला ने अपनी पहचान सोनी देवी (33 वर्ष), पति मनीष कुमार साह, निवासी कालीगंज, थाना कहलगाँव, जिला भागलपुर के रूप में बताई। उन्होंने बताया कि वह किसी अन्य ट्रेन से अपने गंतव्य के लिए प्रस्थान करने वाली थीं।

अपनी जान बचने के बाद सोनी देवी और उनके पति मनीष कुमार साह ने आरपीएफ की त्वरित और साहसिक कार्रवाई के लिए आभार व्यक्त किया। दंपती ने कहा कि यदि समय पर सहायता न मिलती, तो स्थिति बेहद गंभीर हो सकती थी।















