



भागलपुर। शहर की बढ़ती यातायात समस्या को कम करने के उद्देश्य से प्रशासन ने रिक्शाडीह में अस्थायी बस स्टैंड को विकसित करने की दिशा में तेज़ी से कार्य शुरू कर दिया है। शुक्रवार को उप विकास आयुक्त (डीडीसी) प्रदीप कुमार सिंह, सिटी एसपी शुभांक मिश्रा सहित कई अधिकारियों ने प्रस्तावित बस स्टैंड परिसर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और सभी जिम्मेदार विभागों को आवश्यक निर्देश दिए।

डीडीसी प्रदीप कुमार सिंह ने कहा कि यात्रियों की सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए बस स्टैंड परिसर में शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। इसके लिए चापाकल और पेयजल पाइपलाइन बिछाने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। उन्होंने बताया कि महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालयों का निर्माण किया जा रहा है, ताकि किसी भी यात्री को असुविधा न हो।

यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परिसर में बैठने के लिए पर्याप्त संख्या में बेंच लगाने का काम भी शुरू कर दिया गया है। बसों की आवाजाही सुचारू रूप से हो सके, इसके लिए एंट्री और एग्जिट प्वाइंट के साथ स्पीड ब्रेकर बनाए जा रहे हैं, जिससे भीड़भाड़ कम हो और वाहनों की रफ्तार नियंत्रित रहे। ग्राउंड की पूरी सफाई कर दी गई है और जहां-जहां गड्ढे थे, उन्हें समतल कर दिया गया है ताकि बस संचालन में किसी तरह की बाधा न आए।
डीडीसी ने बताया कि बसों की सुरक्षित और व्यवस्थित आवाजाही के लिए रूट मैप तैयार किया जा रहा है। अस्थायी बस स्टैंड में अभी प्राथमिक चरण में सभी मूलभूत सुविधाओं का विकास किया जा रहा है और अन्य व्यवस्थाएं भी जल्द उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने कहा कि काम तेज़ी से चल रहा है और बहुत जल्द रिसकडीह अस्थायी बस स्टैंड को पूर्ण रूप से संचालित कर दिया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान सिटी एसपी शुभांक मिश्रा ने बस स्टैंड परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की बात कही। उनका कहना था कि बस स्टैंड शुरू होने के बाद शहर की यातायात व्यवस्था में व्यापक सुधार देखने को मिलेगा।














