



नवगछिया । बिहपुर भाजपा विधायक इ शैलेंद्र शुक्रवार को नई दिल्ली में केंद्रीय शिक्षामंत्री धर्मेंद्र प्रधान से मिलकर उन्हें मांग पत्र सौंपकर बिहपुर विस में शिक्षा की गुणवत्ता सुधार हेतु केंद्र सरकार की सभी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन हेतू मार्गदर्शन व समय देने का भी अनुरोध किया।वहीं शिक्षमंत्री ने कहा कि अगर बिहपुर विस में जमीन उपलब्ध हो जाय तो वहां हमारा मंत्रालय केंद्रीय विश्वविद्यालय खोलने का प्रस्ताव दे सकता है। इ शैलेंद्र ने कहा कि बिहपुर विस एक विकासोन्मुख क्षेत्र है जहां प्राथमिक व माध्यमिक विद्यालयों में आधारभूत शैक्षिक संरचना के सुदृढ़ीकरण की अत्यंत आवश्यकता है।

क्षेत्र के अधिकांश विद्यालयों में अभी भी आवश्यक मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। वर्तमान स्थिति वांछित मानकों से काफी कम है।जिससे बच्चों को प्राप्त होने वाली शिक्षा की गुणवत्ता गंभीर रूप से प्रभावित हो रही है। क्षेत्र को माडल स्कूल आवंटित किए गए हैं लेकिन आवश्यक सुविधाओं व आधारभूत संरचना के अभाव में ये विद्यालय अब तक संचालित नहीं हो पाया है।इन माडल स्कूलों को कार्यात्मक व सुदृढ़ बनाने हेतु आपके हस्तक्षेप की अपेक्षा है। साथ ही केंद्र सरकार की किसी भी योजना के अंतर्गत यदि केंद्रीय विद्यालय या रेलवे स्कूल की स्थापना संभव हो तो यह क्षेत्र के लिए काफी लाभकारी होगा।

क्योंकि ऐसे स्कूल उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा के लिए प्रसिद्ध हैं।केंद्र सरकार की वे सभी योजनाएं, जिनका उद्देश्य स्कूली ढांचे को मजबूत करना व शिक्षा की गुणवत्ता को उन्नत करना है उन्हें बिहपुर क्षेत्र के विद्यालयों तक विस्तार देने की कृपा करें।आपके मार्गदर्शन में इन योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु आवश्यक वित्तीय सहायता एवं स्वीकृतियों की अपेक्षा है।शिक्षामंत्री श्री प्रधान ने विधायक इ शैलेंद्र को बहुत सकारात्मक प्रतिक्रिया दी व हरसंभव सहयोग का आश्वासन भी आश्वासन भी दिया।














