


भागलपुर पुलिस ने पिकअप वाहन लूट कांड का सफलतापूर्वक उद्भेदन करते हुए तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार बदमाशों के पास से एक देसी लोडेड कट्टा और लूटा गया पिकअप वाहन भी बरामद किया है।
गिरफ्तार अपराधियों की पहचान आदमपुर थाना क्षेत्र के छोटी खंजरपुर निवासी संतोष कुमार उर्फ गेरुआ यादव, झारखंड के गोड्डा जिला अंतर्गत महगामा निवासी गणेश कुमार भगत तथा आदमपुर थाना क्षेत्र निवासी सन्नी कुमार के रूप में की गई है। इस वारदात में शामिल अन्य फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
मामले की जानकारी देते हुए भागलपुर के सिटी एसपी शुभांक मिश्रा ने बताया कि यह घटना 12 दिसंबर की रात की है। नवगछिया निवासी चालक उमेश कुमार स्नोहला पुआल लादकर पिकअप वाहन से नवगछिया की ओर जा रहे थे। इसी दौरान औद्योगिक थाना क्षेत्र के रानी तालाब के पास पहले से घात लगाए छह अपराधियों ने हथियार के बल पर पिकअप वाहन को रोक लिया।
अपराधियों को आशंका थी कि पिकअप वाहन में शराब लदी हुई है। इसी कारण उन्होंने चालक को धमकाते हुए वाहन लूट लिया और मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जांच शुरू की और तकनीकी व मानवीय सूचनाओं के आधार पर तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया।
सिटी एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान कई अहम जानकारियां मिली हैं, जिसके आधार पर शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस कांड में शामिल सभी अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।













