


भागलपुर के बबरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत डीवीसी मोड़ के समीप सड़क पर गिरी गिट्टी एक सड़क दुर्घटना का कारण बन गई। गिट्टी पर चढ़ते ही एक पिकअप वाहन का संतुलन बिगड़ गया, जिससे वाहन सड़क किनारे स्थित एक पेड़ से जा टकराया। इस हादसे में पिकअप वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि चालक को मामूली चोटें आईं।
घटना की सूचना मिलते ही बबरगंज थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घायल चालक को तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा। पुलिस ने दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की।
घायल चालक ने बताया कि वह मिनी मार्केट में सामान उतारने के बाद पिकअप वाहन लेकर गोड्डा की ओर जा रहा था। इसी दौरान डीवीसी मोड़ के पास सड़क किनारे गिट्टी बिखरी हुई थी। कुहासे के कारण गिट्टी दिखाई नहीं दी और अचानक वाहन उस पर चढ़ गया, जिससे पिकअप का संतुलन बिगड़ गया और यह हादसा हो गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर इस तरह गिट्टी या अन्य निर्माण सामग्री पड़े रहने से आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि सड़क की नियमित सफाई कराई जाए और निर्माण सामग्री हटाई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।













