


भागलपुर के नए प्रमंडलीय आयुक्त के रूप में अवनीश कुमार ने औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण कर लिया। इस अवसर पर प्रमंडलीय आयुक्त कार्यालय परिसर में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद भागलपुर के जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने बुके भेंट कर उनका स्वागत किया।
पदभार ग्रहण करने के बाद मीडिया से बातचीत में प्रमंडलीय आयुक्त अवनीश कुमार ने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री द्वारा प्रगति यात्रा के दौरान की गई सभी घोषणाओं को समयबद्ध और प्रभावी तरीके से पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और जवाबदेही को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।
अवनीश कुमार ने यह भी बताया कि शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों में भी विकास योजनाओं को धरातल पर उतारा जाएगा, ताकि समाज के हर वर्ग तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंच सके। इसके लिए प्रशासनिक समन्वय को मजबूत किया जाएगा और योजनाओं की नियमित निगरानी की जाएगी।
गौरतलब है कि अवनीश कुमार इससे पहले भी भागलपुर में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। वे करीब सात वर्ष पूर्व भागलपुर नगर निगम के नगर आयुक्त के पद पर कार्यरत रह चुके हैं। इस कारण वे शहर की समस्याओं, जरूरतों और विकास की संभावनाओं से भली-भांति परिचित हैं। ऐसे में उनके कार्यकाल में भागलपुर प्रमंडल के समग्र विकास को नई दिशा और गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।













