


भागलपुर जिले के रसलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत अगरतल्ला गांव से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि रेणु देवी अपने घर के बाहर अपने छोटे बच्चों के साथ खड़ी थीं। इसी दौरान नशे की हालत में तेज रफ्तार और अनियंत्रित मोटरसाइकिल ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि मां और बच्चे सड़क पर कुछ दूरी तक घसीटते चले गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद परिजनों और ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए कहलगांव अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया।
घायलों को रात करीब 9 बजे मायागंज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान आज सुबह करीब 5:30 बजे रेणु देवी की मौत हो गई। वहीं हादसे में गंभीर रूप से घायल बच्चा शुभम कुमार की हालत अब भी नाजुक बनी हुई है और उसे डॉक्टरों की कड़ी निगरानी में रखा गया है।
इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने मौके पर ही मोटरसाइकिल और उसके चालक को पकड़ लिया। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक घायलों का समुचित इलाज और न्यायसंगत कार्रवाई नहीं हो जाती, तब तक चालक को छोड़ा नहीं जाएगा।
घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। फिलहाल चालक ग्रामीणों की निगरानी में है और पुलिस के पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।













