



भागलपुर जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कथोनी गांव में उस समय सनसनी फैल गई, जब खेत किनारे स्थित एक बगीचे में करीब तीन माह के अज्ञात शिशु का शव बरामद किया गया। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया और मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ ग्रामीण जब खेत की ओर गए तो उन्होंने बगीचे में शिशु का शव पड़ा हुआ देखा। इसके बाद सूचना तेजी से गांव में फैल गई। ग्रामीणों का कहना है कि शिशु का शव कुछ समय से वहां पड़ा हुआ प्रतीत हो रहा था। इस हृदयविदारक घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। कई लोग इसे मानवता को शर्मसार करने वाली घटना बता रहे हैं।

फिलहाल शिशु की पहचान नहीं हो सकी है और न ही उसकी मौत के कारणों को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी सामने आई है। ग्रामीणों का मानना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि शिशु की मौत किन परिस्थितियों में हुई।

हैरानी की बात यह रही कि समाचार लिखे जाने तक जगदीशपुर थाना की पुलिस मौके पर नहीं पहुंची थी, जिसको लेकर ग्रामीणों में नाराजगी देखी गई। लोगों का कहना है कि पुलिस के मौके पर पहुंचने और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद ही मामले की सच्चाई सामने आ सकेगी। फिलहाल ग्रामीण पुलिस के आने का इंतजार कर रहे हैं और पूरे इलाके में भय व आक्रोश का माहौल बना हुआ है।














