



नवगछिया। बिहपुर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक एवं सत्तारूढ़ दल के सचेतक ई. शैलेंद्र ने दिल्ली में केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री जीतनराम मांझी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान विधायक ने बिहपुर विधानसभा क्षेत्र में लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई), हथकरघा तथा पावरलूम क्लस्टरों को सुदृढ़ करने और नए उद्योगों को प्रोत्साहित करने को लेकर एक मांग पत्र सौंपा।
विधायक ई. शैलेंद्र ने मंत्री को अवगत कराया कि बिहपुर क्षेत्र में परंपरागत उद्योगों के साथ-साथ एमएसएमई क्षेत्र में व्यापक संभावनाएं हैं। उन्होंने मांग की कि पशुपालन सेवाओं को सुदृढ़ किया जाए तथा टीकों, दवाओं और निदान सेवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही पशुपालन, चारा विकास एवं पशुधन बीमा योजनाओं का विस्तार करने की आवश्यकता बताई।

उन्होंने हथकरघा, पावरलूम, वस्त्र, रेशम एवं खादी क्लस्टरों के लिए साझा सुविधा केंद्रों (सीएफसी) के विकास की मांग की, ताकि कारीगरों और बुनकरों को आधुनिक सुविधाएं मिल सकें। साथ ही इन क्षेत्रों में केंद्र सरकार की योजनाओं के अंतर्गत प्रौद्योगिकी उन्नयन और आधुनिकीकरण किए जाने पर जोर दिया। कारीगरों और बुनकरों के लिए कौशल विकास, डिजाइन नवाचार और प्रशिक्षण कार्यक्रमों के आयोजन की भी मांग रखी गई।

विधायक ने क्लस्टर आधारित इकाइयों के लिए वित्तीय सहायता, आसान ऋण व्यवस्था और विपणन सहयोग उपलब्ध कराने की आवश्यकता बताई। इसके अलावा खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों के विकास, भंडारण सुविधाओं, कोल्ड चेन तथा मूल्यवर्धन से जुड़ी आधारभूत संरचना को मजबूत करने की मांग की गई। स्थानीय उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों की क्षमता निर्माण के लिए केंद्र सरकार की योजनाओं के तहत सहायता, बाजार पहुंच, ब्रांडिंग और निर्यात प्रोत्साहन देने पर भी जोर दिया गया।
उन्होंने यह भी कहा कि स्थानीय हथकरघा, रेशम, खादी और कृषि आधारित उत्पादों के लिए प्रभावी ब्रांडिंग और विपणन सहयोग प्रदान किया जाए, ताकि इन उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल सके। इसके लिए राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय प्रदर्शनियों और व्यापार मेलों में भागीदारी को सुगम बनाने की मांग की गई। साथ ही लघु एवं मध्यम उद्यमों के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म, ई-कॉमर्स एकीकरण तथा उद्यमियों और कारीगरों को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने पर भी बल दिया गया।
विधायक ई. शैलेंद्र ने कहा कि एमएसएमई पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करना समय की आवश्यकता है, जिससे रोजगार सृजन, आय में वृद्धि और सतत स्थानीय विकास को बढ़ावा मिल सके। इस पर केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी ने बिहपुर विधानसभा क्षेत्र में लघु एवं मध्यम उद्यमों तथा पारंपरिक उद्योगों को सशक्त बनाने की दिशा में सकारात्मक पहल करने का आश्वासन दिया।














