



नवगछिया : भीषण शीत लहर के प्रकोप के बीच वंचित और असहाय लोगों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से युवा नेता एवं समाजसेवी सौरव पोद्दार की ओर से कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान सड़क किनारे और खुले आसमान के नीचे जीवन यापन कर रहे जरूरतमंद लोगों को कंबल वितरित किए गए, जिससे उन्हें ठंड से कुछ राहत मिल सके।

कंबल वितरण के दौरान सौरव पोद्दार ने कहा कि सर्दी का मौसम गरीब, बेसहारा और असहाय लोगों के लिए अत्यंत कष्टदायक होता है। ऐसे समय में समाज के सक्षम और जागरूक लोगों का दायित्व है कि वे आगे आकर जरूरतमंदों की सहायता करें। उन्होंने बताया कि यह सेवा कार्य मानवता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना से प्रेरित होकर किया गया है।
उन्होंने यह भी कहा कि जरूरतमंदों की सेवा ही सच्ची सेवा है और इस प्रकार के कार्यों से समाज में सकारात्मक संदेश जाता है। गौरतलब है कि सौरव पोद्दार समय-समय पर सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। विशेष रूप से शीतकाल के दौरान राहत सामग्री वितरण, जरूरतमंदों की सहायता और सेवा कार्यों के माध्यम से वे समाज के कमजोर वर्गों तक सहयोग पहुंचाते रहे हैं।

इस पहल की स्थानीय लोगों ने मुक्त कंठ से सराहना की और इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताते हुए अन्य लोगों से भी ऐसे सेवा कार्यों में भागीदारी निभाने की अपील की।













