


भागलपुर जिला कल्याण पदाधिकारी राजीव कुमार रवि ने शनिवार को विश्वविद्यालय क्षेत्र स्थित राजकीय अनुसूचित जनजाति (एसटी) कल्याण छात्रावास का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान छात्रावास अधीक्षक डॉ. दीपक कुमार दिनकर भी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के क्रम में जिला कल्याण पदाधिकारी ने छात्रावास भवन की स्थिति, मूलभूत सुविधाओं, शौचालय, पेयजल व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था और साफ-सफाई का गहन जायजा लिया। उन्होंने छात्रावास अधीक्षक से छात्रावास के दैनिक संचालन, छात्रों की संख्या और उपलब्ध सुविधाओं की अद्यतन जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर छात्रावास अधीक्षक डॉ. दिनकर ने मेस व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए आवश्यक पहल करने का अनुरोध किया। साथ ही उन्होंने छात्रावास भवन के जीर्णोद्धार की आवश्यकता के बारे में भी जिला कल्याण पदाधिकारी को अवगत कराया।
जिला कल्याण पदाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान छात्रों को मिलने वाली सुविधाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित बिंदुओं पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि अनुसूचित जनजाति के छात्रों को सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है।
उल्लेखनीय है कि बिहार सरकार के कल्याण विभाग द्वारा संचालित वेलफेयर एसटी छात्रावास में वर्तमान में लगभग 100 छात्र आवासित हैं। विभाग की ओर से छात्रों को आवास, भोजन, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं।













