
विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी ने अररिया पहुंचकर किया सम्मानित, प्रशासनिक सहयोग और आत्मीय व्यवहार की सराहना
पूर्णिया। दुर्गा पूजा शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने में योगदान के लिए विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी ने अररिया पहुंचकर सदर अनुमंडल पदाधिकारी श्वेतम दीक्षित को सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने भगवा वस्त्र, प्रभु श्रीराम की तस्वीर और स्मृति चिह्न भेंट कर उनके प्रशासनिक सहयोग की सराहना की। मौके पर संगठन के अररिया जिला अध्यक्ष पवन राज सहित जिला एवं नगर इकाई के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी ने कहा कि धार्मिक आयोजनों को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में प्रशासन की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। श्वेतम दीक्षित ने पूर्णिया में अपने कार्यकाल के दौरान धार्मिक आयोजनों के सफल संचालन में सहयोग दिया था। अररिया में भी दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में उनका योगदान सराहनीय रहा है।
उन्होंने कहा कि श्वेतम दीक्षित के साथ उनका संबंध केवल प्रशासनिक सहयोग तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें पारिवारिक आत्मीयता और आपसी सम्मान भी जुड़ा हुआ है। पूर्णिया में संगठन की ओर से आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों के दौरान उन्हें प्रशासन का सहयोग मिलता रहा। उनके दिशा-निर्देशों और बेहतर समन्वय से कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में मदद मिली।
गोस्वामी ने कहा कि अररिया में मुलाकात के दौरान भी उन्हें वही स्नेह, सम्मान और अपनापन महसूस हुआ। उनके सहज व्यवहार और सहयोग की भावना ने हमेशा प्रभावित किया है। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति की वास्तविक पहचान केवल उसके पद से नहीं, बल्कि उसके व्यवहार, कार्यशैली और लोगों के प्रति सम्मान से होती है।

प्रशासन और समाज के समन्वय पर दिया जोर
आशीष गोस्वामी ने कहा कि सीमांचल क्षेत्र में धार्मिक आयोजनों के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए प्रशासन तथा समाज के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ प्रशासन के साथ सहयोग करते हुए धार्मिक आयोजनों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने, समाज सेवा और सामाजिक समरसता को मजबूत करने की दिशा में कार्य कर रहा है।
उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य धर्म रक्षा, समाज सेवा और राष्ट्र सेवा के संकल्प के साथ समाज में एकता, सुरक्षा और विश्वास को मजबूत करना है।
इस अवसर पर राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी विशाल यादव, राष्ट्रीय आईटी सेल प्रभारी नीतीश कुमार, दीपक जायसवाल, गुंजन श्रीवास्तव, उमेश कुमार, सुशील कुमार, अररिया जिला अध्यक्ष पवन राज, जिला महामंत्री प्रभाकर प्रभात, केशव सिंह राजपूत, भवेश मंडल, अनमोल यादव, सैम सोनू और अमित मंडल सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।














