0
(0)

नवगछिया पुलिस जिला के
परबत्ता थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गरैया में जमीनी विवाद को लेकर हुई हिंसक मारपीट में एक युवक की मौत हो गई। शुक्रवार की रात करीब 9:30 बजे दो पक्षों के बीच हुए विवाद में लाठी, डंडा और लोहे के रॉड से हमला कर 45 वर्षीय रंजीत यादव को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। इलाज के क्रम में उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान गरैया निवासी रंजीत यादव, पिता स्व. रामावतार यादव के रूप में की गई है।

मिली जानकारी के अनुसार रंजीत यादव का अपने गोतिया सुरेश यादव एवं अन्य लोगों से जमीन को लेकर पिछले तीन-चार वर्षों से विवाद चल रहा था। इस विवाद को लेकर पूर्व में भी मारपीट की घटना हो चुकी थी, जिसमें परबत्ता थाना में मामला दर्ज है। शुक्रवार को घर निर्माण के दौरान फिर से विवाद उत्पन्न हुआ। रात में गरैया स्थित बासा पर दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए, जिसके बाद जमकर मारपीट शुरू हो गई।

आरोप है कि हमलावरों ने रंजीत यादव के सिर पर लोहे के रॉड से प्रहार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। उसके सिर में गहरी चोट आई और दोनों पैरों सहित शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर जख्म के निशान पाए गए। घटना के बाद गांव में अफवाह फैल गई कि रंजीत यादव को गोली मारी गई है, हालांकि चिकित्सकीय जांच में गोली लगने की पुष्टि नहीं हुई है। डॉक्टरों के अनुसार मौत लाठी-डंडे और रॉड से लगी चोटों के कारण हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही परबत्ता थाना की पुलिस दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंची और घायल रंजीत यादव को तत्काल अनुमंडल अस्पताल नवगछिया ले जाया गया। वहां से डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया। इलाज के दौरान उसकी हालत और बिगड़ गई। बाद में बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया, लेकिन पटना ले जाने के क्रम में रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद भागलपुर में शव का पोस्टमार्टम कराया गया और अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए नवगछिया अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ओमप्रकाश ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। एफएसएल टीम को भी बुलाया गया और साक्ष्य संकलन कराया गया। नवगछिया पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया है, जिसने कांड में शामिल आरोपितों की पहचान कर ली है। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

परबत्ता थानाध्यक्ष पुनि अश्विनी कुमार ने बताया कि जमीनी विवाद में लाठी और रॉड से हुए हमले में एक व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हुई है। घटनास्थल से एक लोहे का रॉड और एक लाठी बरामद की गई है। सभी नामजद आरोपी घटना के बाद से फरार हैं।

मृतक की पत्नी सोनी देवी के लिखित बयान पर परबत्ता थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्राथमिकी में गरैया निवासी सुरेश यादव, अमित यादव, सचिन कुमार, दिलीप यादव, घोलीट यादव, मुकेश रजक, दिलखुश कुमार, कौशल्या देवी, निशा कुमारी तथा जगतपुर निवासी विनित यादव को नामजद आरोपित बनाया गया है।

सोनी देवी ने पुलिस को बताया कि उनके पति का सुरेश यादव से पिछले दो वर्षों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। उनके हिस्से की 13 फीट जमीन में से चार फीट रास्ता मांगा जा रहा था। रास्ता देने से इनकार करने पर उनके पति के साथ लाठी, डंडा और दबिया से मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया, जिससे उनकी मौत हो गई।

पुलिस ने बताया कि आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा। घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल है, जिसे देखते हुए पुलिस सतर्कता बरत रही है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: