


भागलपुर। शहर के टाउन हॉल में भूमि सुधार जनकल्याण संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बिहार सरकार के उपमुख्यमंत्री सह राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने भाग लिया। इस कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री ने आम नागरिकों से सीधे संवाद कर भूमि से जुड़ी शिकायतें सुनीं और मौके पर ही संबंधित विभागीय अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र एवं प्रभावी समाधान के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए।
जनसंवाद कार्यक्रम के उपरांत उपमुख्यमंत्री समीक्षा भवन पहुंचे, जहां उन्होंने जिला प्रशासन एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षात्मक बैठक की। बैठक में जनसंवाद के दौरान प्राप्त सभी आवेदनों और शिकायतों की विस्तार से समीक्षा की गई तथा उनके त्वरित निष्पादन को लेकर कार्ययोजना तैयार की गई।
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि जनसंवाद कार्यक्रम में जितने भी आवेदन प्राप्त हुए हैं, उनका निपटारा हर हाल में 15 जनवरी तक सुनिश्चित किया जाएगा। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि जनसंवाद के दौरान भूमि से संबंधित विभिन्न प्रकार की शिकायतें सामने आई हैं, जिन पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
उपमुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि 15 जनवरी के बाद सभी मामलों की दोबारा समीक्षा की जाएगी। जो अधिकारी बेहतर प्रदर्शन करेंगे, उन्हें विभागीय स्तर पर प्रोत्साहित किया जाएगा, जबकि लापरवाही या अनियमितता बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि भ्रष्टाचार या कार्य में शिथिलता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों को जिले से बाहर स्थानांतरित करने जैसी कार्रवाई भी की जा सकती है।
उपमुख्यमंत्री के इस सख्त और स्पष्ट रुख के बाद आम लोगों में यह उम्मीद जगी है कि भूमि से जुड़े लंबे समय से लंबित मामलों का शीघ्र समाधान होगा और व्यवस्था में पारदर्शिता तथा जवाबदेही और मजबूत होगी।












