


भागलपुर में बिहार सरकार के उपमुख्यमंत्री सह राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय कुमार सिन्हा के भूमि सुधार एवं जनकल्याण संवाद कार्यक्रम के दौरान नवगछिया पुलिस जिला के विभिन्न अंचलों से बड़ी संख्या में फरियादियों को जाम में भागलपुर पहुंचने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
विक्रमशिला सेतु पर सुबह से ही भीषण जाम की स्थिति बनी रही। इस जाम के कारण कई फरियादी और अधिकारी समय पर कार्यक्रम स्थल तक नहीं पहुंच पा रहे थे। इसी क्रम में भागलपुर जिला परिषद अध्यक्ष विपीन कुमार मंडल नवगछिया स्थित अपने आवास से भागलपुर जिला परिषद कार्यालय में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक और डिप्टी सीएम के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रवाना हुए।
लेकिन जैसे ही वे विक्रमशिला सेतु पर पहुंचे, घंटों से लगे जाम में फंस गए। बैठक में समय पर पहुंचने की मजबूरी को देखते हुए जिला परिषद अध्यक्ष ने एक राहगीर से मदद मांगी और उसकी बाइक पर सवार होकर किसी तरह सेतु पार किया। इसके बाद वह सीधे भागलपुर जिला परिषद कार्यालय पहुंचे और कार्यक्रम में भाग लेने में सफल हुए।
इस घटना से जाम और यातायात व्यवस्था पर पुनर्विचार की आवश्यकता सामने आई। प्रशासनिक अधिकारियों और आम नागरिकों ने इस तरह की भीड़ और जाम से निपटने के लिए बेहतर इंतजाम की मांग उठाई।












