


नवगछिया के कोसी पार कदवा थाना क्षेत्र की एक महिला ने अज्ञात लोगों पर फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर अश्लील गाने, आपत्तिजनक शब्द एवं फोटो अपलोड करने का गंभीर आरोप लगाया है। इस संबंध में पीड़िता ने नवगछिया साइबर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए आवेदन दिया है। मामला सोशल मीडिया के दुरुपयोग और साइबर अपराध से जुड़ा होने के कारण पुलिस इसे गंभीरता से ले रही है।
पीड़िता ने अपने आवेदन में बताया है कि 12 सितंबर 2025 को उसके तथा उसके पति के नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बनाई गई। उक्त फर्जी आईडी से लगातार स्टोरी और पोस्ट अपलोड किए जा रहे हैं, जिनमें अश्लील गाने लगाए जाते हैं तथा पीड़िता की तस्वीरों पर आपत्तिजनक और गलत शब्द लिखकर सोशल मीडिया पर प्रसारित किया जाता है। पीड़िता के अनुसार यह सिलसिला पिछले एक वर्ष से लगातार चल रहा है, जिससे उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा को गहरी ठेस पहुंची है।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि फर्जी आईडी चलाने वाले अज्ञात लोग फोन के माध्यम से उसके परिवार के सदस्यों से संपर्क कर रुपये की मांग कर रहे हैं। इस हरकत से पूरा परिवार मानसिक तनाव में है। पीड़िता ने बताया कि इस संबंध में पहले भी शिकायत दर्ज कराई गई थी, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका, जिसके बाद मजबूर होकर साइबर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए आवेदन देना पड़ा।
नवगछिया साइबर थाना की पुलिस आवेदन के आलोक में मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि साइबर सेल की मदद से फर्जी फेसबुक आईडी बनाने वालों की पहचान की जा रही है। मोबाइल नंबरों और सोशल मीडिया अकाउंट की तकनीकी जांच कर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने पीड़िता को हरसंभव कानूनी सहायता देने का भरोसा दिलाया है।













