0
(0)

भागलपुर जिले के कजरैली थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलसीरा गांव में प्रेम प्रसंग को लेकर जमकर बवाल हुआ। आरोप है कि लड़की पक्ष के लोगों ने लड़के पक्ष के गांव में घुसकर उत्पात मचाया और दो दर्जन से अधिक ग्रामीणों के साथ मारपीट की। घटना में महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों के साथ भी मारपीट किए जाने की बात सामने आई है। इस दौरान हरिजन टोला में जमकर तोड़फोड़ भी की गई।

घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक सभी आरोपी फरार हो चुके थे। पीड़ित पक्ष की ओर से कजरैली थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है, जिसके आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हरिजन टोला के निवासी एवं निजी कोचिंग संचालक मनीष कुमार पर एक लड़की से फोन पर बातचीत करने का आरोप है। जब इस बात की जानकारी लड़की के परिजनों को हुई, तो वे गुस्से में हरिजन टोला पहुंच गए और मनीष कुमार के परिजनों सहित आसपास के लोगों के साथ मारपीट करने लगे।

घटना के संबंध में कोचिंग संचालक के भाई रवि कुमार ने बताया कि वे सभी लोग घर में बैठकर खाना खा रहे थे, तभी अचानक कुछ लोग आए और यह कहते हुए हमला कर दिया कि “तुम उसी का भाई हो।” हमलावरों ने लाठी-डंडों और हथियारों से हमला कर दिया। किसी तरह वे अपनी भाभी और बच्चों को लेकर छत पर भागकर जान बचा सके।

रवि कुमार ने यह भी आरोप लगाया कि उनके भाई मनीष गांव में कोचिंग चलाते हैं। इसी दौरान एक अंतरजातीय लड़की लगातार उनके भाई पर बात करने का दबाव बनाती थी। जब भाई मना करता था, तो लड़की खुद को नुकसान पहुंचाने की धमकी देती थी। इसी डर से उनका भाई उससे बातचीत करता था।

वहीं हरिजन टोला निवासी राजेश दास ने बताया कि उनके घर पर तिलक समारोह के लिए मेहमान आए हुए थे। सभी लोग मेहमानों की सेवा में लगे थे, तभी अचानक हमलावर पहुंचे और घर के पुरुषों, महिलाओं तथा मेहमानों के साथ मारपीट शुरू कर दी। उन्होंने बताया कि हमलावरों के हाथों में लाठी, डंडे और चाकू थे, जिससे पूरे टोले में अफरा-तफरी मच गई।

इधर, इस मामले को लेकर कजरैली थानाध्यक्ष गौतम कुमार ने बताया कि लड़की से बातचीत को लेकर एक पक्ष द्वारा दूसरे पक्ष के गांव में घुसकर मारपीट किए जाने की लिखित शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: