



भागलपुर : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में कर्मठ, युवा एवं ऊर्जावान नेता नितिन नवीन की नियुक्ति पर पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें हृदय से हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
श्री चौबे ने कहा कि अब तक के सबसे कम उम्र के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में नितिन नवीन का चयन नवभारत के निर्माण में युवा शक्ति को निर्णायक भूमिका देने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। यह निर्णय संगठन को नई ऊर्जा, नई सोच और नई ऊँचाइयों की ओर ले जाने वाला सिद्ध होगा।

उन्होंने बिहार के एक सपूत को यह गौरवशाली संगठनात्मक दायित्व सौंपने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय नेतृत्व के प्रति आभार प्रकट किया। श्री चौबे ने कहा कि विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक संगठन भारतीय जनता पार्टी को बिहार से पहला राष्ट्रीय अध्यक्ष मिलना, हम सभी बिहारवासियों के लिए गर्व और गौरव का विषय है।

पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि 1974 के जेपी आंदोलन के सहभागी रहे स्वर्गीय नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा जी, उनकी धर्मपत्नी एवं समस्त पूर्वजों के आशीर्वाद का यह सुफल है। उन्होंने कहा कि “बाढ़े पूत पिता के धर्म” की कहावत आज पूर्ण रूप से चरितार्थ होती दिख रही है।
श्री चौबे ने विश्वास व्यक्त किया कि नितिन नवीन के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी संगठनात्मक रूप से और अधिक सशक्त होगी तथा नए कीर्तिमान स्थापित करेगी।













