



भागलपुर : 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर भागलपुर के जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी को राज्यस्तरीय Best Electoral Practices Awards 2025 के अंतर्गत बेस्ट डीईओ (District Election Officer) अवार्ड से सम्मानित किया गया।

यह सम्मान विशेष गहन पुनरीक्षण–2025 एवं बिहार विधानसभा आम चुनाव–2025 में उत्कृष्ट एवं प्रभावी कार्य निष्पादन के लिए प्रदान किया गया है। सम्मान समारोह का आयोजन 25 जनवरी 2026 को पटना स्थित अधिवेशन भवन, सिंचाई भवन परिसर में किया गया, जहां बिहार के मुख्य सचिव श्री प्रत्यय अमृत ने अपने कर-कमलों से यह पुरस्कार प्रदान किया।
गौरतलब है कि भागलपुर राज्य का एकमात्र जिला है, जिसे विशेष गहन पुनरीक्षण 2025 और बिहार विधानसभा आम चुनाव 2025—दोनों ही श्रेणियों में बेहतर प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया है।

मतदाता सूची के शुद्धिकरण, नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, युवा मतदाताओं को जागरूक करने तथा निष्पक्ष व शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने में भागलपुर जिला प्रशासन की भूमिका अत्यंत सराहनीय रही है। इस उपलब्धि पर जिले के प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मियों एवं आमजन में हर्ष का माहौल है।













