


भागलपुर : सुल्तानगंज–मुंगेर–मिर्जाचौकी फोरलेन निर्माण कार्य के दौरान नगर परिषद सुल्तानगंज अंतर्गत नारायणपुर गांव का नाला बंद हो जाने से ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। नाले का पानी अवरुद्ध होने से परेशान ग्रामीणों ने फोरलेन निर्माण कार्य को रोक दिया और समस्या के स्थायी समाधान की मांग की।
ग्रामीणों ने बताया कि फोरलेन निर्माण के कारण उनके गांव सहित आसपास के क्षेत्रों का नाला बंद हो गया है, जिससे जल निकासी पूरी तरह ठप हो गई है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब तक नाले के पानी की निकासी के लिए उचित नाला निर्माण नहीं किया जाएगा, तब तक फोरलेन का कार्य चालू नहीं होने दिया जाएगा।
ग्रामीणों का कहना है कि इस संबंध में पूर्व में ही संबंधित विभाग को लिखित आवेदन देकर अवगत कराया गया था कि फोरलेन निर्माण के कारण गांव का नाला बंद हो गया है। आवेदन में यह भी मांग की गई थी कि पहले नाला का निर्माण कराया जाए, ताकि गांव और खेतों का पानी सुचारू रूप से निकल सके। बावजूद इसके अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र नाले का निर्माण नहीं किया गया तो हजारों किसानों की फसल जलजमाव के कारण बर्बाद हो सकती है। इससे न केवल किसानों को भारी आर्थिक नुकसान होगा, बल्कि गांव में जनजीवन भी प्रभावित हो जाएगा।
विरोध प्रदर्शन के दौरान दर्जनों ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे और विभागीय अधिकारियों से तत्काल समाधान की मांग करते रहे।












