



नवगछिया पुलिस ने सोमवार की मध्यरात्रि चोरी की घटना को महज दो घंटे में सुलझाते हुए शातिर अभियुक्त छोटू कुमार सिंह को गिरफ्तार किया।
नवगछिया एसपी कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, नयाटोला स्थित गौरी मंडल के घर से अज्ञात चोरों ने सोने-चांदी के आभूषण और मोबाइल चोरी कर लिए। सूचना मिलते ही नवगछिया थाना की रात्री गश्ती टीम ने तुरंत कार्रवाई की।

महज दो घंटे के भीतर, नवगछिया पुलिस ने खगरिया जिला के पसराहा थाना क्षेत्र के महदीपुर निवासी कुख्यात छोटू कुमार सिंह को चोरी के माल के साथ गिरफ्तार किया। अभियुक्त की निशानदेही और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने 2 सोने की बाली, 1 सोने की नथ, 1 चांदी की चैन (लॉकेट सहित), चांदी की बिछिया, 2 मोबाइल, चांदी की लॉकेट और अंगुठी बरामद की।
इस संबंध में वादिनी सरिता देवी के आवेदन के आधार पर नवगछिया थाना में कांड संख्या 43/26 दर्ज कर अग्रतर कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार अभियुक्त छोटू कुमार सिंह का आपराधिक इतिहास भी लंबा है। उस पर पहले परबत्ता (मरैया) थाना में आर्म्स एक्ट समेत अन्य संगीन मामले दर्ज हैं। नवगछिया पुलिस ने बताया कि आगामी दिनों में अभियुक्त के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि घरों और दुकानों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दें और किसी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत थाने को दें।
















