



भागलपुर। जिले के सुल्तानगंज प्रखंड अंतर्गत करहरिया पंचायत स्थित उत्क्रमित मिडिल स्कूल बड़हरा में परिभ्रमण के दौरान छात्र-छात्राओं को भोजन और पानी नहीं मिलने का मामला तूल पकड़ गया। इस पर सोमवार को नाराज छात्रों, अभिभावकों और ग्रामीणों ने स्कूल में तालाबंदी कर दी।

मंगलवार को प्रभारी बीईओ राकेश कुमार तालाबंदी खुलवाने और मामले की जांच के लिए स्कूल पहुंचे। जांच के दौरान प्रधानाध्यापक संजय कुमार कुसुम को स्कूल बुलाया गया। आरोप है कि एचएम अपने साथ सात-आठ असामाजिक तत्वों को लाठी-डंडों के साथ स्कूल परिसर में ले आए, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।

स्कूल में मौजूद छात्र, छात्राएं, महिलाएं और ग्रामीण इस पर भड़क उठे और एचएम के साथ आए असामाजिक तत्वों के बीच मारपीट हो गई। मारपीट के दौरान चार लोग भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो गए, जबकि एचएम सहित पांच लोग स्कूल परिसर में फंस गए। हालात बिगड़ते देख बीईओ ने जनप्रतिनिधियों की मदद से सभी को एक कक्षा में सुरक्षित बैठाया।
इसके बाद बाथ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद एचएम सहित पांच लोगों को थाने ले गई।
















