



भागलपुर के नाथनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत अजमेरीपुर बैरिया गांव में खाना बनाने के दौरान गैस सिलेंडर में आग लग गई, जिससे अफरातफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि अमित मंडल का घर पूरी तरह जलकर राख हो गया, वहीं पड़ोसी कांतलाल मंडल का घर भी आग की चपेट में आ गया।

पीड़िता संजू देवी ने बताया कि नया गैस सिलेंडर उसी दिन भरवाया गया था। खाना बनाते समय अचानक गैस लीकेज हुआ और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। हालांकि समय रहते घर में मौजूद सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

आग लगने की घटना में कांतलाल मंडल के घर में रखे लगभग पांच लाख रुपये नकद सहित घरेलू सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया। इसी दौरान गांव के छात्र चंद्रमोहन कुमार उर्फ सनोज ने साहस का परिचय देते हुए जलते हुए घर में प्रवेश कर आग लगे गैस सिलेंडर को बाहर निकाल दिया, जिससे संभावित बड़ा विस्फोट टल गया।

इस घटना में छात्र चंद्रमोहन कुमार झुलस गए, जिनका इलाज एक निजी क्लीनिक में चल रहा है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची अग्निशमन टीम ने लगभग दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
घटना के बाद पूरे गांव में छात्र की बहादुरी की जमकर सराहना की जा रही है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सिलेंडर बाहर नहीं निकाला जाता, तो बड़ा हादसा हो सकता था।















