


भागलपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार ने पीरपैंती थाना का औचक निरीक्षण किया। एसएसपी के अचानक थाना पहुंचने से पुलिसकर्मियों में हलचल मच गई। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के संधारण, लंबित मामलों की स्थिति तथा विधि-व्यवस्था से जुड़ी तैयारियों की गहन समीक्षा की।
निरीक्षण के क्रम में एसएसपी ने थाना के मालखाना, हाजत, शस्त्रागार, ड्यूटी रजिस्टर, प्राथमिकी रजिस्टर सहित अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों की बारीकी से जांच की। उन्होंने लंबित कांडों के शीघ्र निष्पादन, वारंटियों की गिरफ्तारी और नियमित गश्ती को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। साथ ही फरियादियों के साथ शालीन व्यवहार करते हुए उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
एसएसपी ने थाना परिसर की स्वच्छता एवं अनुशासन व्यवस्था को सुदृढ़ रखने के निर्देश देते हुए पुलिस पदाधिकारियों से अपराध नियंत्रण, शराबबंदी कानून के सख्त अनुपालन तथा क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने को कहा।
इस दौरान एसएसपी ने जानकारी दी कि बाखरपुर थाना के लिए नए भवन का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए भूमि चिन्हित कर विभाग को उपलब्ध करा दी गई है और स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा। इसके अतिरिक्त उन्होंने पीरपैंती में निर्माणाधीन पावर प्लांट परिसर में प्रस्तावित टाउन आउट पोस्ट (टीओपी) थाना के निर्माण स्थल का भी निरीक्षण किया।
निरीक्षण के समय पीरपैंती थाना प्रभारी नीरज कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी अभिमन्यु कुमार, पावर प्लांट के कर्मी सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे।













